
- फिलहाल सप्ताह में दो दिन चलेगी ट्रेन, मुरादाबाद कार्य पूरा होने पर रोजाना संचालन का प्रयास
हमारु अपणु उत्तराखंड ब्यूरो, रामनगर। लंबे समय से चली आ रही रामनगर से देहरादून तक सीधी रेल सेवा की मांग शनिवार को पूरी हो गई। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने दिल्ली से, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून से वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से तथा पौड़ी सांसद अनिल बलूनी, हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत और विधायक दीवान सिंह बिष्ट ने रामनगर रेलवे स्टेशन से ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उद्घाटन अवसर पर रेलवे स्टेशन और ट्रेन को आकर्षक ढंग से सजाया गया था।
केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि रामनगर-देहरादून रेल सेवा कुमाऊं और गढ़वाल के बीच मजबूत सेतु का कार्य करेगी। इससे दोनों मंडलों के लोगों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी। उन्होंने बताया कि मुरादाबाद रेल मंडल में निर्माण कार्य चलने के कारण फिलहाल ट्रेन सप्ताह में दो दिन ही संचालित की जाएगी। कार्य पूरा होने के बाद इसे प्रतिदिन चलाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना सहित उत्तराखंड में चल रही अन्य रेल परियोजनाओं की प्रगति की भी जानकारी दी।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि यह नई रेल सेवा राज्य के दो प्रमुख मंडलों को जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से उत्तराखंड में रेल सुविधाओं का लगातार विस्तार हुआ है और यात्री सुरक्षा, सुविधा, गति, क्षमता तथा दक्षता में उल्लेखनीय सुधार हुआ है।
सांसद अनिल बलूनी ने कहा कि इस ट्रेन से पौड़ी जिले और रामनगर क्षेत्र के हजारों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने इसे राज्य के विकास और बेहतर संपर्क व्यवस्था की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। फिलहाल यह ट्रेन प्रत्येक बुधवार और शुक्रवार को रामनगर और देहरादून के बीच संचालित होगी।

