25 साल के लिए 1320 मेगावाट बिजली खरीदेगा उत्तराखंड, अडानी पावर से करार को मंजूरी
धामी कैबिनेट का निर्णय

- एल-1 अडानी पावर से 5.746 रुपये प्रति यूनिट की दर पर होगी बिजली खरीद
- ऊर्जा सुरक्षा और भरोसेमंद बेस-लोड बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की कवायद
हमारु अपणु उत्तराखंड ब्यूरो, देहरादून। उत्तराखंड में ऊर्जा सुरक्षा और भरोसेमंद बेस-लोड बिजली की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए राज्य सरकार ने 1320 मेगावाट कोयला आधारित बिजली खरीद को मंजूरी दे दी है। मंत्रिमंडल ने न्यूनतम बोलीदाता यानी एल-1 अडानी पावर लिमिटेड से 25 वर्षों के लिए बिजली खरीद के प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान की है।
प्रस्ताव के अनुसार 1320 मेगावाट की कुल क्षमता में 1234 मेगावाट अनुबंधित क्षमता होगी। इसके लिए कुल टैरिफ 5.746 रुपये प्रति यूनिट निर्धारित किया गया है। लंबे समय के बिजली खरीद समझौते के माध्यम से राज्य को निरंतर और विश्वसनीय बिजली उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है।
उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड को अडानी पावर लिमिटेड के साथ पावर सप्लाई एग्रीमेंट और अन्य संबंधित दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करने के लिए अधिकृत किया गया है। इसके साथ ही आवश्यक शर्तों को पूरा करने और उत्तराखंड विद्युत नियामक आयोग से जरूरी वैधानिक स्वीकृतियां प्राप्त करने की जिम्मेदारी भी निगम को दी गई है।
राज्य में बिजली की बढ़ती मांग के बीच बेस-लोड बिजली की पर्याप्त उपलब्धता एक बड़ी आवश्यकता है। जल विद्युत पर निर्भरता के कारण उत्पादन में मौसमी उतार-चढ़ाव भी रहता है। ऐसे में दीर्घकालीन बिजली खरीद समझौता ऊर्जा आपूर्ति को स्थिर करने में सहायक हो सकता है।
सरकार का दावा है कि इस निर्णय से प्रदेश की ऊर्जा सुरक्षा मजबूत होगी और भविष्य में बढ़ती बिजली मांग को पूरा करने में मदद मिलेगी।


