उत्तराखंड

प्रधानमंत्री मोदी के स्वागत को दून तैयार, प्रशासन अलर्ट

इकानोमिक कारीडोर लोकार्पण को लेकर व्यवस्थाओं की अंतिम समीक्षा

-सुरक्षा, समन्वय और प्रोटोकॉल पालन पर विशेष जोर

देहरादून। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कल मंगलवार को प्रस्तावित देहरादून दौरे को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। प्रस्तावित कार्यक्रम के तहत दिल्ली-देहरादून इकोनामिक कारीडोर लोकार्पण और विभिन्न आयोजनों को सफल बनाने के लिए प्रशासन ने सभी तैयारियां अंतिम चरण में पूरी कर ली हैं।

जिलाधिकारी सविन बंसल ने सोमवार को जोनल मजिस्ट्रेटों और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक कर व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी अधिकारी अपने अधीनस्थ सेक्टर और नोडल अधिकारियों को दायित्वों के प्रति पूरी तरह ब्रीफ करें, ताकि किसी भी स्तर पर लापरवाही की गुंजाइश न रहे। साथ ही, सभी को पुनः स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने को कहा गया।

जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग, यूपीसीएल, पेयजल निगम सहित सभी संबंधित विभागों को मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने और अनिवार्य रूप से सेफ्टी सर्टिफिकेट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विभागीय समन्वय इस बड़े आयोजन की सफलता की कुंजी है।

कार्यक्रम स्थल पर मुख्य मंच की व्यवस्थाओं को लेकर भी विशेष सतर्कता बरती जा रही है। डाइस प्लान, साउंड सिस्टम, एलईडी स्क्रीन, एंकरिंग तथा मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम के अनुसार तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। ग्रीन रूम में इंटरनेट और फैक्स जैसी सुविधाएं भी प्रोटोकॉल के अनुरूप उपलब्ध कराई जाएंगी।

इसके अलावा पंडाल में अतिथियों के बैठने की व्यवस्था, पेयजल, जलपान, मोबाइल टॉयलेट, पार्किंग और स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं के तहत एंबुलेंस की पर्याप्त व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है।

प्रशासन ने आशारोड़ी से गढ़ीकैंट तक भ्रमण मार्ग को 13 जोनों में विभाजित कर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। जोलीग्रांट एयरपोर्ट और जीटीसी हेलीपैड पर भी व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button