
-52 स्पर्धाओं में कैनोइंग, कयाकिंग और रोइंग की रोमांचक प्रतियोगिताएं
– 19 टीमों के 500 खिलाड़ी, 1000 से अधिक प्रतिभागियों की होगी मौजूदगी
हमारु अपणु उत्तराखंड, देहरादून : उत्तराखंड की सुरम्य टिहरी झील एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान मजबूत करने जा रही है। 25वां ऑल इंडिया पुलिस वाटर स्पोर्ट्स क्लस्टर 8 से 12 अप्रैल तक टिहरी झील स्थित वाटर स्पोर्ट्स एडवेंचर इंस्टीट्यूट (डब्ल्यूएसएआई), कोटी में आयोजित होगा। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता की जिम्मेदारी भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) को सौंपी गई है।
सोमवार को सीमाद्वार स्थित आईटीबीपी में आयोजित प्रेस वार्ता में आईजी मनु महाराज ने बताया कि यह पहली बार है जब यह राष्ट्रीय स्तर का आयोजन उत्तराखंड में हो रहा है। प्रतियोगिता ऑल इंडिया पुलिस स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड के तत्वावधान में आयोजित की जा रही है, जिसमें देशभर की 19 टीमों के लगभग 500 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। इन टीमों में केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के साथ विभिन्न राज्यों की पुलिस इकाइयां शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में कुल 52 स्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी। इनमें कैनोइंग और कयाकिंग की 18-18 तथा रोइंग की 16 स्पर्धाएं शामिल हैं। कैनोइंग और कयाकिंग में 200, 500 और 1000 मीटर की दौड़ें होंगी, जबकि रोइंग में 500 और 2000 मीटर की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। सभी स्पर्धाएं पुरुष और महिला वर्ग में होंगी।
कार्यक्रम के अनुसार 6 अप्रैल से टीमों का आगमन शुरू हो चुका है। 7 अप्रैल को उद्घाटन समारोह की रिहर्सल होगी और 8 अप्रैल को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मुख्य आतिथ्य में प्रतियोगिता का शुभारंभ होगा। 9 अप्रैल को केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा पदक वितरण समारोह में शामिल होंगे, जबकि 12 अप्रैल को समापन समारोह आयोजित किया जाएगा।
आईजी ने कहा कि यह आयोजन टिहरी झील को राष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर और मजबूती से स्थापित करेगा तथा स्थानीय व्यापार और पर्यटन को भी बढ़ावा देगा। इस पत्रकार वार्ता में देहरादून वार्ड 40 सीमाद्वार के पार्षद विनोद रावत भी उपस्थित रहे।



