
- अस्पताल प्रशासन ने पुलिस व्यवस्था पर उठाए सवाल, एसएसपी से मिलने की तैयारी
हमारु अपणु उत्तराखंड ब्यूरो, देहरादून : राजकीय दून मेडिकल कालेज अस्पताल की इमरजेंसी में रविवार सुबह उपचार के दौरान विवाद इतना बढ़ गया कि तीमारदारों और महिला सुरक्षाकर्मियों के बीच जमकर मारपीट हो गई। घटना में दो महिला सुरक्षाकर्मी घायल हो गईं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और संबंधित लोगों को पूछताछ के लिए धारा चौकी ले गई।
जानकारी के अनुसार, एक 16 वर्षीय युवती को उपचार के लिए अस्पताल लाया गया था। मेडिसिन विभाग में प्राथमिक जांच के बाद चिकित्सकों ने उसे आगे की जांच के लिए गायनी विभाग भेजा, जहां आवश्यक जांच के लिए रक्त का नमूना लिया गया। इसी दौरान तीमारदारों ने आरोप लगाया कि जरूरत से अधिक रक्त निकाल लिया गया है। इस बात को लेकर उनकी नर्सिंग स्टाफ से बहस शुरू हो गई।

अस्पताल में तैनात महिला सुरक्षाकर्मियों ने तीमारदारों को नियमों का पालन करने और अंदर जाने से रोकने का प्रयास किया। आरोप है कि इस दौरान तीमारदार जबरन विभाग में घुसने लगे, जिससे विवाद बढ़ गया और मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि एक महिला सुरक्षाकर्मी के सिर पर बोतल से हमला किया गया, जबकि दूसरी के पेट में लात मारी गई। बीच-बचाव के लिए पहुंचे अन्य सुरक्षाकर्मियों के साथ भी धक्का-मुक्की की गई।
घटना के बाद अस्पताल के सुरक्षाकर्मियों में रोष है। उनका कहना है कि अस्पताल परिसर स्थित पुलिस चौकी पर अधिकांश समय पुलिसकर्मी मौजूद नहीं रहते, जिससे सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित होती है। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आर.एस. बिष्ट ने कहा कि चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ और सुरक्षाकर्मियों के साथ किसी भी तरह की हिंसा बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने बताया कि अस्पताल में पुलिस व्यवस्था मजबूत करने के लिए जल्द ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) से मुलाकात की जाएगी।



