जय हिंद ! उत्तराखंड में लहराया 215 फीट ऊंचा तिरंगा
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खटीमा में किया राष्ट्रीय ध्वज का विधिवत लोकार्पण

खटीमा। कंजाबाग तिराहा पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 215 फीट ऊँचे राष्ट्रीय ध्वज का विधिवत लोकार्पण किया। यह ध्वज लघु सिंचाई विभाग द्वारा मुख्यमंत्री घोषणा के अंतर्गत 47.42 लाख रुपये की लागत से स्थापित किया गया है। समारोह में मुख्यमंत्री ने पूजा-अर्चना के साथ फीता काटकर ध्वजारोहण किया और कहा कि यह ध्वज केवल प्रतीक नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता और शौर्य का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यह हर नागरिक को देशभक्ति की भावना से प्रेरित करेगा।

इस अवसर पर लघु सिंचाई विभाग ने प्रधानमंत्री किसान ऊर्जा सुरक्षा एवं उत्थान महाभियान (पीएम-कुसुम) योजना के प्रचार-प्रसार के लिए सोलर प्रदर्शनी का आयोजन किया। किसानों और आम जनता को योजना के लाभ और विस्तृत जानकारी से अवगत कराया गया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, मेयर विकास शर्मा, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, दर्जामंत्री फरजाना बेगम, जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, पूर्व विधायक डॉ प्रेम सिंह राणा, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा, अधिशासी अभियंता लघु सिंचाई विभाग सुशील कुमार सहित अनेक जनप्रतिनिधि और नागरिक उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे राष्ट्रीय प्रतीक हमें देशभक्ति और अपने कर्तव्यों के प्रति सजग बनाए रखते हैं। समारोह का भव्य आयोजन किया गया और राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा को सम्मानित तरीके से प्रस्तुत किया गया।



