स्वास्थ्य व विकास कार्यों में लाएं तेजी : धामी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने की घोषणाओं की समीक्षा, पर्वतीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत बनाने पर जोर

• विकास कार्यों में देरी पर अधिकारियों की तय होगी जिम्मेदारी
• चारधाम यात्रा और मानसून पूर्व तैयारियों को समय पर पूरा करने के निर्देश
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को सचिवालय में मुख्यमंत्री घोषणाओं के अंतर्गत थराली, कर्णप्रयाग, केदारनाथ, रुद्रप्रयाग और देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्रों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को जन समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता आमजन की समस्याओं का शीघ्र और प्रभावी निस्तारण है।
मुख्यमंत्री ने पर्वतीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य और शिक्षा सुविधाओं को सुदृढ़ करने पर विशेष बल देते हुए कहा कि दूरस्थ इलाकों में हेली एंबुलेंस की समय पर उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाई गई समस्याओं को अधिकारी गंभीरता से लें और प्राथमिकता के आधार पर उनका समाधान करें।
धामी ने कहा कि जिन योजनाओं का कार्य शीघ्र पूरा हो सकता है, उनमें किसी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि विकास कार्यों में देरी करने वाले अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी। साथ ही सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए।

मुख्यमंत्री ने निर्माण कार्यों से जुड़े प्रस्तावों को समय पर संबंधित विभागों को भेजने और लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण पर जोर दिया। वन विभाग से संबंधित लंबित प्रकरणों की अलग से समीक्षा करने के निर्देश भी दिए गए।
आगामी चारधाम यात्रा को देखते हुए मुख्यमंत्री ने सभी तैयारियां समय से पूरी करने को कहा। उन्होंने होटल एसोसिएशन के साथ समन्वय बनाकर वाणिज्यिक सिलेंडरों से जुड़ी समस्याओं का समाधान करने के निर्देश दिए। साथ ही मानसून से पहले बाढ़ नियंत्रण कार्यों की व्यापक समीक्षा कर उन्हें समय पर पूरा करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में कैबिनेट मंत्री भरत चौधरी, संबंधित विधायकगण, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।



