– रिटायर्ड आर्डिनेंस फैक्टरी कर्मचारी के घर वारदात, एसएसपी समेत पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे
हमारु अपणु उत्तराखंड, देहरादून: रायपुर थाना क्षेत्र की विष्णु लोक कालोनी में मंगलवार दोपहर दिनदहाड़े हुई ट्रिपल मर्डर की वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मकान नंबर 16 में घुसे एक आरोपी ने कथित तौर पर लूट का विरोध करने पर बुजुर्ग दंपती और उनकी नौकरानी पर पेचकस से ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमले में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। पड़ोसियों ने भागने का प्रयास कर रहे आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, वारदात मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे हुई। उस समय 85 वर्षीय रमेश कपूर, उनकी 76 वर्षीय पत्नी रजनी कपूर और करीब 45 वर्षीय घरेलू सहायिका शीला घर में मौजूद थीं। बताया जा रहा है कि आरोपी घर में घुसा और रजनी कपूर के गले से चेन छीनने लगा। विरोध करने पर उसने पेचकस से उन पर कई वार कर दिए।
रजनी की चीख-पुकार सुनकर नौकरानी शीला मौके पर पहुंची तो आरोपी ने उस पर भी हमला कर दिया। इसके बाद उसने रमेश कपूर को भी निशाना बनाया। हमले में तीनों गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े।
शोर सुनकर पहुंचे पड़ोसी, आरोपी को दबोचा
घटना के दौरान चीख-पुकार और शोर सुनकर पड़ोसी भारती भंडारी समेत आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। लोगों को आता देख आरोपी भागने लगा और पेचकस दिखाकर उन्हें डराने का प्रयास किया। हालांकि पड़ोसियों ने साहस दिखाते हुए उसे पकड़ लिया। इसके बाद पुलिस को सूचना देकर आरोपी को उसके हवाले कर दिया गया।
पड़ोसियों ने बताया कि तीनों घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए एंबुलेंस को सूचना दी गई, लेकिन करीब 10 मिनट इंतजार के बावजूद एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंची। इसके बाद पड़ोसी अपने वाहनों से तीनों को अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
सूचना मिलते ही रायपुर थाना पुलिस, एसएसपी समेत वरिष्ठ अधिकारी और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल की जांच कर साक्ष्य जुटाए। मृतक रमेश कपूर आर्डिनेंस फैक्टरी से सेवानिवृत्त बताए जा रहे हैं। पुलिस लूट की वजह के साथ ही वारदात के पीछे किसी अन्य कारण की भी जांच कर रही है।



