देहरादून के सिल्वर सिटी माॅल में दिनदहाड़े स्टोन क्रशर संचालक की गोली मारकर हत्या, 16 दिन में पांचवीं वारदात से दहशत
जिम करने पहुंचे विक्रम शर्मा को सीढ़ियों पर बाइक सवार बदमाशों ने मारी गोली, मौके पर मौत

- – गैंगवार की आशंका, 50 से अधिक मुकदमों वाला हिस्ट्रीशीटर रहा मृतक, पुलिस-एसटीएफ की टीमें गठित

देहरादून, हमारु अपणु उत्तराखंड: राजधानी देहरादून में शुक्रवार सुबह दिनदहाड़े एक और सनसनीखेज हत्या से शहर दहल उठा। राजपुर रोड स्थित सिल्वर सिटी मॉल के भीतर अज्ञात हमलावरों ने स्टोन क्रशर संचालक विक्रम शर्मा (45) की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना सुबह करीब नौ बजे की है, जब विक्रम शर्मा जिम करने के लिए मॉल पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि सीढ़ियों से उतरते समय बाइक सवार दो हमलावरों ने नजदीक से उन पर फायरिंग कर दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर फरार हो गए।
घटना के बाद मॉल परिसर में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने मॉल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की जा रही है। विक्रम शर्मा काशीपुर में स्टोन क्रशर संचालित करता था और देहरादून के रेसकोर्स क्षेत्र में रहता था।
पुलिस इस हत्या को गैंगवार से जोड़कर देख रही है। विक्रम शर्मा पर 50 से अधिक मुकदमे दर्ज बताए जा रहे हैं, जिनमें 30 से अधिक हत्या के मामले शामिल हैं। करीब 10 वर्ष पूर्व उसे झारखंड पुलिस ने गिरफ्तार किया था और वह लंबे समय तक वहां जेल में बंद रहा। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस और एसटीएफ की विशेष टीमें गठित की गई हैं।
गौरतलब है कि देहरादून में पिछले 16 दिनों के भीतर यह पांचवीं हत्या की घटना है, जिससे कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है। पुलिस ने शहर में सतर्कता बढ़ाते हुए प्रमुख मार्गों पर सघन चेकिंग अभियान शुरू कर दिया है।



