उत्तराखंड

विशाल मिश्रा होंगे रुद्रप्रयाग के जिलाधिकारी, प्रतीक जैन को जीएमवीएन समेत कई अहम जिम्मेदारियां

शासन ने आईएएस, पीसीएस और सचिवालय सेवा के अधिकारियों में किया प्रशासनिक फेरबदल

• कार्यकुशलता और प्रशासनिक मजबूती के उद्देश्य से तत्काल प्रभाव से लागू किए गए आदेश

• कई अधिकारियों को अतिरिक्त प्रभार देकर महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी सौंपी गई

देहरादून, हमारु अपणु उत्तराखंड। उत्तराखंड शासन ने प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक प्रभावी और सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से आईएएस, पीसीएस और सचिवालय सेवा के कई अधिकारियों के तबादले और नई तैनाती के आदेश जारी किए हैं। कार्मिक एवं सतर्कता अनुभाग द्वारा जारी आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिए गए हैं। शासन ने सभी संबंधित अधिकारियों को शीघ्र नवीन तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए हैं।

जारी सूची के अनुसार आईएएस अधिकारी विशाल मिश्रा को रुद्रप्रयाग का नया जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है। वहीं वर्तमान जिलाधिकारी प्रतीक जैन को उनके पद से अवमुक्त करते हुए प्रबंध निदेशक जीएमवीएन, मिशन निदेशक जल जीवन मिशन, परियोजना निदेशक नमामि गंगे तथा केएफडब्ल्यू परियोजना की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।

इसके अलावा आईएएस सौरभ गहरवार को अपर सचिव उद्योग एवं निदेशक राजकीय मुद्रालय, रुड़की नियुक्त किया गया है। आईएएस नरेंद्र सिंह भंडारी को अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी पर्यटन विकास परिषद, देहरादून तथा निदेशक सेवायोजन का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। आईएएस विनोद कुमार गोस्वामी को अपर सचिव आवास के साथ मुख्य कार्यपालक अधिकारी भागीरथी नदी घाटी विकास प्राधिकरण की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

पीसीएस अधिकारी गिरधारी सिंह रावत को अपर सचिव अल्पसंख्यक कल्याण और निदेशक अल्पसंख्यक कल्याण का दायित्व दिया गया है। वहीं त्रिलोक सिंह मर्तोलिया को प्रधान प्रबंधक शुगर मिल, किच्छा तथा अब्दुल प्रसाद बाजपेयी को सिटी मजिस्ट्रेट हल्द्वानी नियुक्त किया गया है।

शासन के इस प्रशासनिक फेरबदल को प्रशासनिक दक्षता बढ़ाने और विभागीय कार्यों में तेजी लाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button